सही आहार से ही रह सकते हैं स्वस्थः डाॅ. रचना अग्रवाल

0
6fe95aa1-422c-49f4-81f6-cac9bfa9c428

विश्व विद्यालय के छलेसर कैम्पस में हुआ खानपान पर विशेष व्याख्यान सत्र

डॉ. रचना अग्रवाल द्वारा भोजन और मानसिक स्वास्थ्य पर दी गई जानकारी

आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस परिसर छलेसर स्थित फार्मेसी और पैरामेडिकल साइंसेज संस्थान में मंगलवार को आयोजित विशेष व्याख्यान सत्र में क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायट कोच की संस्थापिका डॉ. रचना अग्रवाल ने हेल्थी गट, हेल्थी माइंड, हाऊ फूड अफेक्ट्स मूड, फोकस एंड स्ट्रेस विषय पर महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

कुलपति प्रो आशु रानी के मार्गदर्शन में आयोजित सत्र में डॉ. रचना अग्रवाल ने वैज्ञानिक तथ्यों और दैनिक जीवन में उपयोगी टिप्स के माध्यम से बताया कि कैसे आहार की गुणवत्ता सीधे तौर पर हमारे मानसिक स्वास्थ्य, कार्यक्षमता और भावनात्मक संतुलन को प्रभावित करती है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि आंत को दूसरा मस्तिष्क भी कहा जाता है, क्योंकि यह हमारे हार्मोंस को नियंत्रित कर शारीरिक एवं मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने समझाया कि खराब खानपान, प्रोसेस्ड फूड, प्रिजर्वेटिव्स, अत्यधिक चीनी और तैलीय पदार्थों का सेवन एवं अनियमित नींद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि तनाव और अवसाद जैसी मानसिक समस्याओं को भी जन्म दे सकता है। उन्होंने प्लास्टिक, एल्यूमीनियम, और नॉन स्टिक बर्तन से होने वाले शारीरिक नुकसान के बारे में भी बताया कि कैसे बाजारीकरण के चलते हम अपने आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य को भी खराब कर रहे हैं। इस दौरान छात्रों ने डॉ. रचना से प्रश्न पूछे। डॉ. रचना ने कुछ आसान उपाय भी बताए, जैसे प्रोटीन के शाकाहारी स्रोत, प्रोबायोटिक्स युक्त भोजन जैसे दही, छाछ, रेशेदार आहार, हाइड्रेशन और संतुलित भोजन के महत्व पर बल दिया।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने डॉ. रचना अग्रवाल का आभार प्रकट करते हुए कहाकि ऐसे व्याख्यान युवाओं को न केवल अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाते हैं, बल्कि एक सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की दिशा में प्रेरित भी करते हैं। इस अवसर पर फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. रवि शेखर, डॉ. मनोज यादव, डॉ. प्रतिभा मिश्रा, डॉ. विजय यादव, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ. स्वेतलाना, अरिंजय जैन, डॉ. गौरव राजौरिया, डॉ. संजीव वर्मा, डॉ. केसर सिंह, डॉ. सजल, आस्था शर्मा, मुकुल यादव, अखिलेश कुमार, अंजली चैहान, शिवाली ढीकोनिया के अलावा संस्थान के सभी छात्र और कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन राशी कुलश्रेष्ठ और आस्था शर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन शिवाली ढीकोनिया ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *