यूपी में माफियाओं की कमर टूटी, अब कानून का राजः ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम विपक्ष पर जमकर बसरे
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
बरेली। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहाकि आज प्रदेश में कानून का राज कायम है। संगठित अपराधी पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहाकि पहले सपा सरकार के समय यूपी में अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन भाजपा की सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति से माफियाओं की कमर तोड़ दी है।
डिप्टी सीएम ने कहाकि आज अपराधी और माफिया जान की भीख मांग रहे हैं। सपा शासनकाल में यही अपराधी व्यापारियों से वसूली करते थे, प्लाट और दुकान कब्जाते थे और महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहती थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अपराध और भ्रष्टाचार पर सख्ती दिखाकर प्रदेश को सुरक्षित वातावरण दिया है।
ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत है तो निर्वाचन आयोग में क्यों नहीं जाते। जब ये कर्नाटक में जीतते हैं तो संवैधानिक संस्थाओं की तारीफ करते हैं, लेकिन हारते ही संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। यह जनता को गुमराह करने और अपना चेहरा चमकाने का तरीका है। डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस को दशकों तक सत्ता मिली, लेकिन गरीबी नहीं हटी। जबकि मोदी सरकार में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। लोगों को पक्का मकान, शौचालय, बिजली, गैस कनेक्शन, किसान सम्मान निधि और स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं।
