यात्रियों के लिए आ गया नया रेलवन एप
इस एप पर मिलेगी टिकट से लेकर प्लेटफार्म और ट्रेन रनिंग तक की जानकारी
यह एप एंड्रायड प्ले स्टोर, और आईओएस प्ले स्टोर दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
आगरा। रेलवे ने यात्रियों की सभी सुविधाओं के लिए एक वन स्टाॅप समाधान निकाला है। यात्री रेलवन एप के जरिए टिकट बुकिंग से लेकर शिकायत दर्ज कराने तक तक की सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मुहैया होंगी। यह एक आॅल-इन-वन मोबाइल एप्लीकेशन है, जिसमें ट्रेन यात्रा सम्बन्धी सभी प्रमुख सेवाएं एक ही स्थान पर हैं। रेलवे का उद्देश्य इस विकसित प्रणाली के जरिए देश भर के लाखों यात्रियों की ट्रेन यात्रा को आसान बनाना है।

रेलवन ऐप यात्रियों की सभी आवश्यक सेवाओं के लिए एक वन-स्टॉप सॉल्यूशन है। इस ऐप के जरिए टिकटिंग, आरक्षित, अनारक्षित, प्लेटफार्म टिकट, ट्रेन और पीएनआर पूछताछ, यात्रा योजना, रेल मदद सेवाएं, ट्रेन में भोजन बुकिंगके साथ ही माल परिवहन (फ्रेट) से संबंधित पूछताछ की सुविधा उपलब्ध है।
इस ऐप का मकसद यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करना है। इसे सरल और स्पष्ट यूआई (यूजर इंटरफेस) के माध्यम से साकार किया गया है। यह न केवल सभी सेवाओं को एक स्थान पर समाहित करता है, बल्कि सेवाओं के बीच एकीकृत संपर्क भी प्रदान करता है, जिससे उपयोगकर्ता को भारतीय रेल सेवाओं का समग्र पैकेज मिलता है। इस ऐप की एक विशेष सुविधा है सिंगल साइन-ऑन। इससे उपयोगकर्ताओं को कई पासवर्ड याद रखने की आवश्यकता नहीं है। रेलवन ऐप डाउनलोड करने के बाद रेल कनेक्ट या यूटीएस आॅन मोबाइल ऐप की मौजूदा यूजर आईडी से लॉगिन किया जा सकता है। इसके लिए उपयोगकर्ता को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे डिवाइस की स्टोरेज भी बचती है।
इस ऐप में आर-वॉलेट की सुविधा भी जोड़ी गई है। इसमें संख्यात्मक एम-पिन और बायोमेट्रिक लॉगिन जैसी आसान लॉगिन सुविधाएं भी दी गई हैं। नए उपयोगकर्ताओं के लिए कम से कम जानकारी देकर पंजीकरण की व्यवस्था है, जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान और तेज बनती है। केवल पूछताछ करने वाले उपयोगकर्ता गेस्ट लॉगिन के जरिए मोबाइल नंबर और ओटीपी से भी लॉगिन कर सकते हैं।
