चैम्पियन बनने को रेलवे के श्वानों ने दिखाई अपनी क्षमता
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालय पर शुरू हुई अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल श्वान प्रतियोगिता
आरपीएफ की महानिरीक्षक रेणु पी छिब्बर ने पांच दिवसीय प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्यालय प्रयागराज में शुरू हुई पांच दिवसीय 18वीं अंतर रेलवे आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न जोनों के 66 श्वानों ने चैम्पियन बनने के लिए अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया। 12 सितम्बर तक चलने वाली चैम्पियनशिप में कुल सात प्रतियोगिताएं होंगी। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय प्रयागराज के सूबेदारगंज में 18वीं अंतर रेलवे आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता का उद्घाटन सोमवार को आरपीएफ की महानिरीक्षक व सह मुख्य सुरक्षा आयुक्त रेणु पी छिब्बर ने किया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के पहले दिन रेलवे के विभिन्न जोनों से आरपीएफ के श्वानों ने अपना दमखम दिखाया। टूर्नामेंट में उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, पूर्वोत्तर सीमा रेलवे, पूर्व रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, पूर्व तटीय रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण रेलवे, मध्य रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे सहित विभिन्न जोनों से आरपीएफ की 16 टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक ट्रेड में कुल 7 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 66 श्वान भाग लेंगे। विस्फोटक स्पर्धा में 27 श्वान, ट्रैकर स्पर्धा में 23 और नारकोटिक्स स्पर्धा में 16 श्वान भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता 12 सितम्बर तक जारी रहेगी।

