मुड़िया मेला-2026 उत्कृष्ट प्रबंधन, सुरक्षा एवं सेवा के साथ सकुशल संपन्न
आगरा : आगरा मंडल द्वारा 24 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आयोजित गुरु पूर्णिमा/मुड़िया मेला-2026 के दौरान मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की भारी भीड़ के बीच उत्कृष्ट प्रशासनिक, सुरक्षा एवं परिचालन व्यवस्थाओं के माध्यम से मेले का सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन में अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता, मेला अधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई।
मेला अवधि में मथुरा जंक्शन से कुल 3,17,664 यात्रियों ने रेल यात्रा की, जिससे ₹3,16,98,315 का यात्री राजस्व अर्जित हुआ। वहीं स्टेशन पर 8,14,158 श्रद्धालुओं एवं यात्रियों का फुटफॉल दर्ज किया गया।
इसी प्रकार गोवर्धन रेलवे स्टेशन से 31,592 यात्रियों ने रेल यात्रा की, जिससे ₹12,25,340 का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ तथा 65,744 श्रद्धालुओं एवं यात्रियों का फुटफॉल दर्ज किया गया।
मेले के सफल संचालन के लिए मथुरा जंक्शन पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा 24×7 निगरानी सुनिश्चित की गई। मथुरा मेला कंट्रोल रूम में प्रतिदिन एक जेएजी (JAG) स्तर के अधिकारी तथा गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन एक जूनियर स्केल अधिकारी की तैनाती की गई। इसके अतिरिक्त कंट्रोल रूम में शिफ्टवार अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा गया।
यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए लगभग 350 रेल सुरक्षा बल (RPF) कर्मियों, 90 वाणिज्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों, 90 टिकट चेकिंग स्टाफ तथा 85 भारत स्काउट्स एवं गाइड्स स्वयंसेवकों को शिफ्टवार तैनात किया गया। मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर लगभग 280 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी गई। भीड़ को सुव्यवस्थित रखने के लिए मथुरा जंक्शन पर फर्स्ट एंट्री एवं थर्ड एंट्री होल्डिंग एरिया तथा गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर होल्डिंग एरिया बनाए गए । मंडल कार्यालय आगरा स्थित वॉर रूम में मेले की अवधि के दौरान प्रतिदिन अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई, जिससे 24×7 निगरानी, समन्वय एवं त्वरित निर्णय लेकर सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन किया गया।
श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए प्रतिदिन लगभग 20 मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके अतिरिक्त 4 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, 5 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी विस्तार तथा आवश्यकता पड़ने पर ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) चलाने की व्यवस्था भी रखी गई। टिकट वितरण को सुगम बनाने के लिए मथुरा जंक्शन पर 21 तथा गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर 4 अतिरिक्त टिकट खिड़कियां संचालित की गईं। साथ ही मोबाइल अनारक्षित टिकट प्रणाली (M-UTS) के माध्यम से भी टिकट उपलब्ध कराए गए, जिसके लिए मथुरा जंक्शन पर 11 तथा गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर 3 M-UTS उपकरण लगाए गए। इससे यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिली और टिकट वितरण की प्रक्रिया अधिक तेज एवं सुगम बनी।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए दोनों स्टेशनों पर खोया-पाया केंद्र, हेल्प डेस्क, चिकित्सा सहायता बूथ, शिफ्टवार चिकित्सकों की उपलब्धता, एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की गई। इसके अतिरिक्त चिकित्सा, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, यांत्रिक तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरे मेला अवधि के दौरान 24×7 अलर्ट मोड पर कार्यरत रहे।
श्रद्धालुओं की निरंतर बनी हुई भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाओं की अवधि दो दिन बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब 2 अगस्त 2026 तक सुरक्षा, टिकटिंग, पेयजल, चिकित्सा, सहायता केंद्र, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य सभी यात्री सुविधाएं पूर्ववत उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलता रहे।
आगरा मंडल रेल प्रशासन ने गुरु पूर्णिमा/मुड़िया मेला-2026 के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी विभागों, रेल सुरक्षा बल, जीआरपी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, स्वयंसेवकों तथा समस्त रेलकर्मियों के समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है। साथ ही मेले के दौरान रेलवे प्रशासन का सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सुरक्षित, विश्वसनीय एवं उच्च गुणवत्ता वाली रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
