जीएम रेलवे नरेश पाल सिंह ने मथुरा के रेलवे स्टेशनों का बारीकी से किया निरीक्षण
मथुरा, भूतेश्वर और बाद स्टेशनों के विकास कार्यों को परखा
भूतेश्वर स्टेशन के पास निर्माणाधीन अंडरपास किया अवलोकन
मथुरा स्टेशन के प्लेटफार्मों की साफ-सफाई का भी लिया जायजा
मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) नरेश पाल सिंह ने गुरुवार को मथुरा के प्रमुख रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। जीएम रेलवे ने मथुरा, बाद और भूतेश्वर रेलवे स्टेशन और दिल्ली ट्रैक पर चल रहे विकास कार्यों को परखा।
जीएम रेलवे के निरीक्षण की शुरुआत बाद रेलवे स्टेशन से हुई। जहां हाल ही में पैनल बॉक्स में आगजनी की घटना हुई थी। जीएम ने घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद वह भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां स्टेशन के पास निर्माणाधीन अंडरपास की प्रगति का जायजा लिया। इसके बाद मथुरा जंक्शन पर उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर 8 से 1 तक साफ-सफाई, शौचालयों की स्थिति और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सेकंड एंट्री गेट, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्रियों के लिए विकसित की जा रही अन्य सुविधाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
जीएम रेलवे उत्तर मध्य नरेश पाल सिंह ने भूतेश्वर से मथुरा जंक्शन और बाद स्टेशन होते हुए आगरा तक रेल विंडो के माध्यम से ट्रैक और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान डीआरएम आगरा गगन गोयल, स्टेशन डायरेक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, आरपीएफ अधिकारी और रेलवे के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। डीआरएम गगन गोयल ने बताया कि इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना और रेलवे की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।



