आगरा के पुराने इलाके में केनरा बैंक की जर्जर इमारत ढही, फैली अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे बैंक कर्मी
बैंक की इमारत ढहने की बजह बगल में बन रहे माॅल के बेसमेंट की खुदाई को माना जा रहा है
आगरा। शहर के पुराने इलाके भैरों बाजार बेलनगंज में गुरुवार दोपहर को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब यहां स्थित केनरा बैंक की जर्जर इमारत गुरुवार दोपहर को अचानक भरभराकर ढह गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त बैंक में मौजूद 20-25 कर्मचारी लंच की तैयारी में थे। सभी जान बचाकर बाहर निकल आए। सूचना पर इलाका पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि बैंक के बराबर से ही काफी समय से चल रही बेसमेंट की के चलते ही हादसा हुआ है। लोगों ने आगरा विकास प्राधिकरण और खनन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
थाना छत्ता क्षेत्र के जीवनी मंडी भैरों बाजार में केनरा बैंक की शाखा है। बगल में मॉल बन रहा है। जिसमें बेसमेंट बनाया जा रहा है। इसके लिए खुदाई की जा रही है। गुरुवार दोपहर कर्मचारी बैंक के कामकाज में जुटे थे। कुछ ग्राहक भी थे। दोपहर दो बजे लंच टाइम की तैयारी थी, तभी अचानक दीवार और छत का एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। कर्मचारी अपने काउंटर छोड़कर बाहर की ओर भागे।
हादसे में बैंक का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि बराबर में बन रहे मॉल के निर्माण कार्य पर क्षेत्रीय नागरिक आपत्ति जता चुके थे। डबल बेसमेंट का निर्माण अवैध रूप से कराया जा रहा है। घटनास्थल पर थाना छत्ता पुलिस बचाव कार्य में जुटी है। बैंक परिसर से मलबा हटाए जाने का काम चल रहा है।


