आगरा में गृहस्वामी को बंधक बना लूटी 27 किलो चांदी
एत्माद्दौला के नगला छिदामी में देर रात हुई डकैती की वारदात
चांदी कारीगर के घर को आधा दर्जन बदमाशों ने बनाया निशाना
आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र में बीती रात बदमाशों ने चांदी कारीगर के घर को निशाना बनाया। गृहस्वामी को तमंचा और बंदूक के दम पर बंधक बनाकर बदमाश घर से 27 किलो चांदी लूटकर फरार हो गए। चांदी कारीगर के घर डकैती की वारदास से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
एत्माद्दौला के नगला छिदामी में रहने वाले राधेश्याम ने बताया कि उनका बेटा आगरा चेन फैक्ट्री में कारीगर है। वह माल लेकर मकान की दूसरी मंजिल पर परिजनों के साथ चांदी की चेन बनाने का काम करता है। शुक्रवार रात हथियारबंद दो बदमाश छत के जाल की सरिया काटकर घर में दाखिल हुए। इस दौरान राधे श्याम की आंख खुल गई। बदमाशों ने उन्हें चारपाई पर ही दबोच लिया। तमंचा और बंदूक के दम पर बंधक बना लिया। इसके बाद घर का दरवाजा खोल अन्य बदमाशों को भी घर में दाखिल करा लिया। दो बदमाश राधेश्याम को बंधक बनाए रहे। जबकि अन्य बदमाश घर की ऊपरी मंजिल पर चले गए और लूट की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि बदमाश चेन बनाने के लिए लाई गई साढ़े 23 किलो चांदी फैक्ट्री की और करीब चार किलो चांदी घर की लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर पीड़ित ने शोर मचाया तो घर में सो रहे लोगों को वारदात की जानकारी हुई। पीड़ित के अनुसार बदमाशों की संख्या छह थी। पीड़ित की सूचना पर एत्माद्दौला पुलिस ने मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।
