मथुरा के वृंदावन में बड़ा हादसाः यमुना में पलटी नाव, 15 श्रद्धालु बचाए, 10 के मरने की आशंका
पंजाब से आया 32 श्रद्धालुओं का दल नाव में हुआ था सवार
गोताखोरों ने 15 बचाए, 10 की मौत, अन्य की तलाश जारी
मथुरा। वृंदावन में शुक्रवार दोपहर को यमुना नदी के केसी घाट पर श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पंटून पुल से टकराकर पलट गई। यह देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। गोताखोर यमुना के गहरे पानी में डूबे हुए लोगों की तलाश में जुटे हैं। नाव में 32 लोग सवार थे। गोताखोरों ने 15 लोगों को बचा लिया। जबकि 10 लोगों की डूबने से मौत हो गई। अन्य की तलाश की जा रही है। हालांकि प्रशासन की तरफ से 8 लोगों के मरने की पुष्टि की गई है। इनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के मुक्तसर से आया श्रद्धालुओं का जत्था यमुना में घूमने के लिए दोपहर करीब ढाई बजे नाव पर सवार हुआ था। कुछ ही दूर चलने के बाद नाव अंसतुलित होकर नदी में पलट गई। नाव में बैठे सभी लोग नदी में डूब गए। घाट पर अफरा-तफरी मच गई। लोग बचाने के लिए चिल्लाने लगे। पुलिस ने रेस्क्यू आपरेशन शुरू कराया है। कई एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गई है। गोताखोर श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में जुटे हैं। नदी में पानी का स्तर बढ़े होने से गोताखोरों को दिक्कत आ रही है। युद्ध स्तर पर चले राहत और बचाव के दौरान गोताखोरों ने 15 लोगों को नदी से बाहर निकाला। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। जबकि 10 लोगों की नदी में डूबने से मौत हो गई। हालांकि जिला प्रशासन ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि की है। जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव पर 30 से 32 लोग सवार थे। हादसा नदी में पड़े पीपे से नाव के टकराने के बाद हुआ। दरअसल यहां पीपों का पुल बनाया गया था। नदी का जलस्तर बढ़ने पर पीपे खोल दिए गए हैं, जो नदी में इधर-उधर पड़े हैं। शाम पांच बजे तक नदी में डूबे अन्य की तलाश चल रही थी।

