आगरा में मासूम बच्ची का हत्यारोपी मुठभेड में हुआ ढेर
मकान मालिक से बदला लेने के लिए दिया था वारदात को अंजाम
कत्ल करने के बाद बच्ची की लाश कनस्तर में ठूंसकर भरा दिया था
आगरा। ताजगंज क्षेत्र में जूता कारोबारी की 8 साल की बच्ची की हत्या का आरोपी किराएदार को पुलिस ने शनिवार तड़के एनकाउंटर में ढेर कर दिया। हत्यारोपी सुनील ने चार दिन आठ साल की बच्ची का बेरहमी से कत्ल कर लाश को आटे के ड्रम में ठूंस दिया था। शनिवार को बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस से हुई मुठभेड़ में आरोपी ढेर हो गया। इस दौरान एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हुआ।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या रोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस ने बमरौली कटारा क्षेत्र में आरोपी की घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी की फायरिंग से एक दरोगा को गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से आरोपी भी घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक हत्यारोपी 29 वर्षीय सुनील ने 24 मार्च को जूता कारोबारी की बच्ची की गला काटकर हत्या कर दी थी। शव को कनस्तर में भर दिया था। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया था। तब से वह फरार था। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि 11 दिन पहले बकाया किराए को लेकर बच्ची के चाचा ने उसे थप्पड़ मार दिया था और कमरे पर ताला लगा दिया था। यह बात उसे नागवार गुजरी। उसने बाद में किराया तो दे दिया, लेकिन देख लेने की धमकी भी दी थी। इसके बाद बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी का चेहरा दिखाओ तब होगा यकीन
हत्यारोपी सुनील के एनकाउंटर के बाद मृतक बच्ची की मां ने पुलिस से कहा, हमें आरोपी की शव दिखाओ तब यकीन होगा कि उसका एनकाउंटर हुआ है। इसको लेकर परिवार के लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर और फोटो दिखाई तब जाकर सभी शांत हुए। हत्यारोपी सुनील की फोटो देखकर मृतका की दादी ने पुलिस का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहाकि आरोपी के एनकाउंटर से वह बहुत खुश हैं। अब जाकर उनको सुकून मिला है। उनकी बेटी को न्याय मिला।



