कराहते हुए पयर्टक बोले आह ! ताज
मधुमक्खियों के हमले से ताजमहल पर फैली अफरा-तफरी
दहशत में आए पर्यटक, मुंह और सिर ढक कर लगाई दौड़
किसी का चेहरा सूजा तो किसी अन्य हिस्सों पर लगा डंक
आगरा। ताजमहल परिसर में रविवार दोपहर को पर्यटकों में दहशत भरी अफरा- तफरी रही। मुख्य मकबरे के पास अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने पर्यटकों पर हमला बोल दिया। हमले से बचने के लिए पर्यटक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई पर्यटक मधुमक्खियों के डंक से कराहते हुए नजर आए।
रविवार दोपहर करीब एक बजे जब स्मारक में पर्यटकों की काफी भीड़ थी, तभी मुख्य मकबरे के पास स्थित मेहमान खाने की ओर से मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड अचानक उड़ने लगा। देखते ही देखते मधुमक्खियों ने वहां मौजूद पर्यटकों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए सैलानी अपने सिर ओर चेहरे को कपड़ों से ढककर भागने लगे। हमले के कारण मुख्य प्लेटफार्म और मेहमान खाने के आसपास भगदड़ जैसे हालात बन गए।
देसी-विदेशी पर्यटक मधुमक्खियों से बचने के लिए इधर-उधर छिपने को ठिकाने तलाशते नजर आए। कई पर्यटकों को मधुमक्खियों ने काट लिया, जिससे उन्हें दर्द और सूजन की शिकायत हुई। इस दौरानएएसआई के कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी सक्रिय हुए और पर्यटकों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों की ओर भेजा।


