मथुरा के बरसाना स्थित गांव सहार में राधा बल्लभ मंदिर में साधु पर हमला
दिनदहाडे का गला काट किया लहूलुहान, हालत गंभीर
इलाके में फैली सनसनी, पुलिस मामले की जांच में जुटी
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के गांव सहार स्थित राधा वल्लभ मंदिर में रविवार सुबह दिनदहाड़े एक साधु पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला बोल गला काटकर हत्या करने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल साधु को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सहार गांव के राधावल्लभ मंदिर में रहने वाले साधु मोहन दास उर्फ गूगा बाबा (48) रविवार सुबह मंदिर परिसर में भोजन बना रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंच गए और जान से मारने की नीयत से उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने साधु का गला काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में वहीं गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में पहुंच गए। लोगों ने घायल साधु को तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
