उडे खुशियों के रंग, झूमा शहर

0
ccca0cfe-8613-46a0-b801-438b8a47b8c8

शहर में धूमधाम से मनाया गया रंगोत्सव

युवाओं की टोलियों ने जमकर की मस्ती

आगरा। शहर के गली-मोहल्लों और सडकों पर होली की धूम और लोगों का उत्साह देखने लायक था। खासकर युवाओं में रंगोत्सव को लेकर जबरदस्त जोश दिखा। बुधवार को सुबह से ही रंगों और गुलाल की बौछार के साथ सडकों पर युवा टोली बनाकर घूमते, जमकर मस्ती करते नजर आए। डीजे की धुन पर नाचते-गाते और एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करते हुए लोग होली को एक यादगार अनुभव बनाने में मशगूल रहे। इस बार चंद्रगहण के चलते होलिका दहन के एक दिन बाद होली खेली गई।

होली का त्योहार बुधवार को शहर भर में धूमधाम से मनाया गया। रंगों का उत्साह शहर में चारों ओर देखने को मिला। गली-मोहल्ले, काॅलोनियों और अपार्टमेंट्स से लेकर सडकों पर लोगों ने होली का धमाल मचाया। ढोल-तांसों की थाप के साथ महिलाओं और युवाओं की टोलियां नाचते-थिरकते हुए निकले और एक-दूसरे के घर जाकर रंग-गुलाल लगाकर जमकर होली खेली। होली खेले रघुवीरा…, होलिया में उडे रहे गुलाल…, रंग बरसे भीगे चुनर वाली….जैसे गानों पर हुरियारों ने खूब डांस किया।

आलम यह था कि लोगों में एक- दूसरे को रंग में रंगने की होड सी लगी रही। बुजुर्ग हो या बच्चा, युवा हो या फिर महिलाएं हर एक की टोली घूम-घूमकर सुबह से ही रंग बरसाती रहीं। शहर में कई जगहों पर इस बार भी जागरुक लोगों ने पर्यावरण के नजरिए से फूलों और सूखी होली खेली गई। बच्चों की टोलियां जहां एक-दूसरे पर रंगों की बौछार करती नजर आई। वहीं युवा भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते रहे। मंदिरों में भगवान का पूजन-अर्चन कर पुष्पों से होली खेली गई। हर तरफ खुशियों के रंग बिखरे नजर आए।

ढोल की थाप पर जमकर थिरके

शहर के गली-मोहल्ले और काॅलोनियों में होली के रंग बिखरे नजर आए। महिलाओं ने गली-मोहल्लों में पारंपरिक रूप से होली खेली और घर-घर जाकर होली मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी। कहीं फूलों की होली खेली गई तो कहीं रंगों में लोग रंगे नजर आए। युवतियां, महिलाएं और युवाओं की टोलियां ढोल-तांसों की थाप पर जमकर थिरके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *