आगरा में नाली विवाद में बहा खून, युवक की मौत, मचा कोहराम
एत्मादपुर के गांव में दो पक्षों में मारपीट, लाठी-सरिया से बोला हमला
आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी महासिंह खेड़ा में नाली के पानी के विवाद को लेकर आमने-सामने आए दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान गंभीर घायल 22 वर्षीय अमित कुमार की मौत हो गई। युवक की मौत से गांव में तनाव फैल गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई।
एत्मादपुर के गांव गढ़ी महासिंह खेड़ा में मंगलवार रात्रि में जगत सिंह का नाली के पानी को लेकर गांव के ही रवि कुमार से विवाद हो गया। इस दौरान रवि कुमार के अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। लाठी-सरिया और फांवड़ा से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में जगत सिंह उसका बेटा अमित कुमार और अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान 22 वर्षीय अमित कुमार की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर मे कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक एत्मादपुर ने बताया कि नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में अमित कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पीड़ित की तहरीर पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

