आगरा में युवक को पेट्रोल डाल जिंदा जलाने की कोशिश, 80 फीसदी झुलसा

0
e9bd12bb-0236-4e9f-8ada-93b9d110d16c

पत्नी और साथियों पर लगाया जलाने का आरोप, पुलिस मामले की जांच में जुटी

आगरा। शाहगंज क्षेत्र में एक युवक को उसकी पत्नी ने पेट्रोल छिडककर जिन्दा जलाने का प्रयास किया। लपटों में घिरा युवक चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने उस पर चादर डालकर किसी तरह आग बुझाई। इस दौरान युवक 80 प्रतिशत तक जल गया। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

थाना शाहगंज के रामस्वरूप कालोनी निवासी ऑटो चालक चांद को गुरुवार रात उसकी पत्नी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। परिजनों ने बताया कि चांद ने दो साल पहले आजम पाड़ा की शबनम से निकाह किया था। शबनम के पहले पति की संदिग्ध अवस्था में मौत हो चुकी है। दो साल चांद के साथ रहने के बाद इसी माह शबनम ने बिना तलाक लिए दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली। आरोप है कि चांद गुरुवार को ऑटो से सवारी छोड़कर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में शबनम, उसका भाई और अली ने चांद को रोका और उसे खींचकर ले गए। उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरे चांद की चीख-पुकार पर आस-पास के लोग जमा हो गए। किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक चांद 80 फीसद झुलस गया था। गंभीर हालत में उसे एसएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया। जहां से उसे उपचार के लिए परिजन निजी अस्पताल ले गए।

एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार ने तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *