आगराः उजाड के कगार पर राजामंडी बाजार की 60 दुकानें, दहशत में कारोबारी

0
4c3a01af-49d6-44c9-9e02-dbe2c4de4d54

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई पैमाइश, दशकों पुरानी दुकानें होंगी ध्वस्त

एडीएम प्रोटोकाल की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम ने की पैमाइश

अधिकारियों संग भारी मात्रा में पुलिस-पीएसी बल मौके पर रहा मौजूद

आगरा। शहर के पुराने बाजार राजामंडी में पांच दर्जन दुकानें और इनके ऊपर बना होटल ध्वस्त होगा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम मार्केट में पैमाइश करने पहुंची। अवैध निर्माणों का नाप-तोल की गई। इनका सीमांकन किया जा रहा है। अवैध निर्माण चिह्नित होने के बाद इनके ध्वस्त किया जाएगा। पैमाइश के दौरान मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान पुलिस और पीएसी बल भी मौजूद रहा।

राजामंडी में भ्रष्टाचार की नींव पर लाभचंद मार्केट खड़ी हो गई। ऊपर होटल नीचे 60 दुकानें बनाई गईं। मार्केट में शोरूम बन गए। दुकानदार और पट्टाधारक में किराए को लेकर रार मची तो भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ। मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचने पर सड़क पर खड़ी इस मार्केट के सीमांकन की नौबत आ गई। मंगलवार को राजस्व टीम फीता लेकर पैमाइश के लिए पहुंची।

मार्केट के एक दुकानदार एएस सूरी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनके अधिवक्ता बलविंदर सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि विवादित भूमि यदि राजस्व रिकॉर्ड में सड़क दर्ज है तो इसे हर हाल में खाली कराया जाए। सार्वजनिक मार्ग बहाल किया जाए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को एडीएम प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने यहां पैमाइश की। उन्होंने बताया कि लाभचंद मार्केट की यह बेशकीमती जमीन पूर्व में धर्मचंद जैन को विशेष शर्तों के साथ पट्टे पर दी गई थी। वर्तमान में उनके वारिसों का इस पर कब्जा है।
आरोप है कि नगर निगम से पट्टा निरस्त हो चुका है। इसके बावजूद उनसे भारी-भरकम किराया वसूला जा रहा है। बाजार के 60 दुकानदार दशकों से यहां अपना व्यापार कर रहे हैं। याचिका में पट्टे की वैधता और सड़क की जमीन को दबाने का मुद्दा उठाया गया, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि सीमांकन के दौरान अधिकारी यहां जाचेंगे कि किरायेदारी शुरू होने से पहले सरकारी रिकॉर्ड में क्या वहां सड़क मौजूद है।
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने बताया-

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राजामंडी बाजार स्थित लाभचंद मार्केट की पैमाइश कराई गई है। यहां अवैध दुकानें और होटल का सीमांकन किया गया। इसकी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, जिलाधिकारी आगरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *