ब्राह्मण समाज ने अर्धनग्न होकर किया घूसखोर पंडत का विरोध

0
7034d91a-d1ac-430c-9634-afa276d50cf8

फिल्म मेकर के खिलाफ शंख बजाकर की नारेबाजी, फिल्म पर रोक नहीं लगी तो करेंगे आंदोलन

आगरा। फिल्म घूसखोर पंडत को लेकर आगरा में भी विरोध के सुर उठने लगे। शनिवार को ब्राह्मण समाज के लोगों ने परशुराम चैक पर फिल्म पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अर्धनग्न होकर, शंख बजाकर फिल्ममेकर नीरज पांडे के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया।

इस दौरान ब्राह्मण समाज के पं. मदन मोहन शर्मा ने कहाकि यह प्रदर्शन सरकार और प्रशासन को जगाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहाकि अभी अर्धनग्न होकर विरोध जताया गया है। अगर फिल्म रिलीज की गई, तो समाज सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा और मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। ब्राह्मण समाज के लोगों ने शंख बजाकर युद्ध का आगाज कर दिया है। यदि फिल्म पर रोक नहीं लगाई गई तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। ब्राह्मण समाज का कहना है कि बार-बार सनातन धर्म की आस्था पर हमला किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। उनका दावा है कि इस मामले का संज्ञान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ले लिया है। इसलिए अब यह फिल्म रिलीज नहीं होने दी जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि समाज में बैठे कुछ लोग आपसी विवाद कराकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। ऐसे लोग समाज को बांटने का काम कर रहे हैं।

फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ में एक ऐसे किरदार को दिखाया गया है, जो धार्मिक पहचान से जुड़ा हुआ है और उस पर भ्रष्टाचार जैसे आरोप दर्शाए गए हैं। ब्राह्मण समाज का आरोप है कि फिल्म के नाम और कथानक के जरिए पंडित समाज और सनातन धर्म की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है। समाज का कहना है कि यह फिल्म एक विशेष वर्ग को बदनाम करने का प्रयास है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इसी वजह से फिल्म के नाम और कंटेंट को लेकर तीखा विरोध किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई और प्रशासन से फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *