सपा सांसद डिंपल यादव का भाजपा पर हमला, बोलीं- राष्ट्रीय सुरक्षा पर नहीं हो रही चर्चा, संसद में माइक बंद कर दिए
मैनपुरी। सांसद मैनपुरी डिंपल यादव ने शुक्रवार को सरकार की जीरो टोलरेंसी पर जमकर निशाना साधा। मैनपुरी के बरनाहल क्षेत्र के गांव फूलापुर में हुए दोहरे हत्याकांड के पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचीं सांसद डिंपल यादव ने कहाकि संसद में विपक्ष को बोलने नहीं दिया जाता है। माइक बंद कर दिए जाते हैं। जब से भाजपा सरकार आई है, सदन में किसी भी नियम के तहत काम नहीं कर रही है। संसद ही जनप्रतिनिधियों का जनता के मुद्दे रखने का माध्यम है। उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
सांसद ने कहाकि वाराणसी में अहिल्याबाई होल्कर जिन्होंने मणिकर्णिका घाट की स्थापना की थी, उनकी ही प्रतिमा खंडित कर दी गई। इस पर प्रधानमंत्री कुछ नहीं बोल रहे हैं। जबकि वह वाराणसी से सांसद भी हैं। वहीं, भाजपा मंदिर और प्रतिमाओं की सुरक्षा की बात करती है। नेशनल सिक्योरिटी की बात को संसद में नहीं रखने दिया जा रहा है। देश में जो बड़ी-बड़ी घटनाएं घटी हैं। चाहे वह पुलवामा की घटना हो, चाहे पहलगाम की घटना हो। नेशनल सिक्योरिटी असफल रही है। इस पर सरकार बोलने से बचती रही है। आज तक इन घटनाओं का सच जनता के सामने नहीं आया है।
उन्होंने फूलापुर के दंपत्ति हत्याकांड पर कहाकि पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा है। इस घटना में परिवार के लोगों की मांग है कि इसमें और भी लोग शामिल हैं। उनके नाम भी सामने आने चाहिए। समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है। उन्हें न्याय दिलाने का काम करेगी। इससे पूर्व सांसद ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, पूर्व विधायक राजू यादव, गुलशन शाक्य, रामनारायण बाथम, नीरज यादव ब्लॉक प्रमुख, चिराग यादव आदि मौजूद रहे।
