महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने किया टूंडला का निरीक्षण, खामियों को दुरुस्त करने के दिए निर्देश

0
e75da133-bdaa-4720-ba0f-81f202486fd8

टूंडला, शिकोहाबाद -फर्रुखाबाद रेलखंड का किया विंडो निरीक्षण

एनसीआरईएस पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंप उठाए कईं मुद्दे

फिरोजाबाद। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के महाप्रबंधक ने बुधवार सुबह टूंडला स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां से उन्होंने परख स्पेशल निरीक्षण ट्रेन से टूंडला, शिकोहाबाद -फर्रुखाबाद रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी उन्हें खामियां दिखाई दीं उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। उनके साथ प्रयागराज रेल मंडल प्रबंधक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रयागराज जोन के रेल महाप्रबंधक नरेशपाल सिंह बुधवार सुबह 9.45 बजे मगध एक्सप्रेस से टूंडला स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर मौजूद डिप्टी सीटीएम अमित आनंद ने अन्य अधिकारियों के साथ बुके भेंटकर उनका स्वागत किया। एनसीआरईएस के केंद्रीय सहायक महामंत्री वीके गौतम ने पदाधिकारियों के साथ रेल महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। ज्ञापन में रेलवे कॉलेज के खेल मैदान की दुर्दशा, झाड़ियों और वहां लगे मिक्सर प्लांट का मुद्दा उठाते हुए बच्चों की खेल गतिविधियों को बचाने की अपील की गई। साथ ही, कॉलेज में संविदा के बजाय स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई। ताकि शिक्षा प्रभावित न हो।

इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रेलवे अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन, ऑर्थो व फिजीशियन की उपलब्धता और फार्मासिस्टों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा, कोरोना काल से बंद टूंडला क्रू द्वारा संचालित तीन ट्रेनों को पुनः शुरू करने, बरेली-बांदीकुई पैसेंजर को टूंडला होकर चलाने और जर्जर रेलवे आवासों की मरम्मत की मांग रखी गई। इस दौरान मनीष मीणा, नरेश मीणा, नसरुद्दीन, हरपाल सिंह, सतपाल, राकेश कुमार, सुरजीत कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *