आगरा में बेकाबू कंटेनर ने छीन ली पांच लोगों की जिन्दगी
आगरा-अलीगढ मार्ग पर हुआ भीषण हादसा, तेज रफ्तार कंटेनर में दो आटो को रौंदा
हादसे में आटो सवार तीन अन्य घायल, भीड ने चालक को दबोचकर बुरी तरह धुना
आगरा। उप्र के आगरा जिले के खंदौली थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल में उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सभी मृतक और घायल जगन्नाथ यात्रा से लौट ऑटो से घर जा रहे थे। सभी सहपऊ के रहने वाले हैं। आगरा कैंट स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो में सवार होकर सभी लोग घर जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार दो ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर खंदौली पुलिस मौके पर पहुंच गई लोगों की मदद सेघायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद आरोपी कंटेनर चालक को लोगों ने दबोच उसकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने भीड से उसे बचाकर अपनी हिरासत में ले लिया।
थाना सहपऊ के गांव भादउ निवासी सात लोग जगन्नाथ पुरी यात्रा कर शनिवार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरे। यहां से गांव के लिए ऑटो किया। आॅटो में बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह, उदय सिंह सवार थे। आॅटो चालक शहीद खान है। नगला चंदन जलेसर रोड पर कंटेनर ने आॅटो में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर पांच की मौत हो गई। मृतकों में बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री और आॅटो चालक शाहिद बताए गए हैं।
जबकि धन प्रसाद, उदय सिंह और विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल विजय सिंह और उदय सिंह यमुना पार के अम्बे अस्पताल में उपचार चल रहा है। जबकि धन प्रसाद को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। मृतक रणवीर सिंह रिटायर्ड दरोगा बताए गए हैं। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल काॅलेज की मोरचरी में भेजा गया है।




