आगरा में घर में तैयार की जा रही अंग्रेजी शराब, कागारौल पुलिस ने छापा मार किया अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड, चार गिरफ्तार

0
4dceca29-dcf6-4511-8bca-171ed0a29147_1769595071338

मौके से पुलिस ने बडी मात्रा में अवैध शराब के क्वार्टर, स्प्रिट और अन्य सामान बरामद किया

आगरा। कागारौल थाना के अकोला में घर में अंग्रेजी शराब की फैक्ट्री चलाई जा रही थी। स्प्रिट से शराब तैयार की जा रही थी। छह दिन पहले खुली अवैध शराब की फैक्ट्री पर पुलिस ने छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से अवैध शराब बनाने में काम आने वाले उपकरण और सामान भी बरामद किया है।

अपर पुलिस आयुक्त आदित्य कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कागारौल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लालऊ पुल अकोला के समीप एक बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो में केमिकल मिलाकर तैयार की गई अंग्रेजी शराब को को पेटियों में भरकर आसपास के क्षेत्र में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस और आबकारी टीम ने लालऊ पुल स्थित राधारानी रेजिडेंसी तिराहे से नरेश, उम्मेद और प्रशांत को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ के बाद सत्य प्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने नाम नरेश पुत्र सत्यवीर सिंह और उसके भाई उम्मेद सिंह निवासी मंगूरी रायभा अछनेरा, प्रशांत पुत्र उदयवीर सिंह निवासी नगला पदी, न्यू आगरा और सत्यप्रकाश पुत्र नरोत्तम निवासी अकोला कागारौल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार अछनेरा निवासी नरेश ने अपने भाई, साले और दोस्त पलवल हरियाणा निवासी धर्मवीर के साथ मिलकर छह दिन पहले ही अकोला के सत्यवीर के घर में फैक्ट्री लगाई थी। पुलिस के अनुसार स्प्रिट मिलाकर नकली शराब को बोतलों में भरकर तैयार करने के लिए सत्यप्रकाश ने घर में आरओ प्लांट भी लगवाया था। शराब की सप्लाई के लिए उसने अपने दोनों बेटों को ग्राहक ढूंढने के लिए मध्य प्रदेश और बिहार भेजा था। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपियों ने स्प्रिट से भरे ड्रम में आग लगा दी। मौके से पुलिस को 74 पेटी नकली शराब, जिसमें इम्पीरियल ब्लू मार्का के 3552 क्वार्टर के अलावा 50 लीटर स्प्रिट, 89 खाली बोतल, एक बोरी ढक्कन और एक कार बरामद की है। बरामद अवैध शराब की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।

अवैध शराब का भंडाफोड करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी कागरौल मोहित शर्मा, आबकारी टीम के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार पटेल, साइबर सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, सुधांशु वाजपेयी, सचिन रोशा, साइबर काउंटर इंटेलीजेंस टीम के उपनिरीक्षक अमित कुमार, शुभम सिद्धू, उपनिरीक्षक पवन यादव, मिथुन कुमार, इन्द्रपाल सिंह, मनोज कुमार, वैभव सिंह, विद्याराम आदि शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *