घर-घर कुंडी बजाकर एसआईआर के प्रति मतदाताओं को सांसद नवीन जैन किया जागरुक
बल्केश्वर के लाल मस्जिद क्षेत्र शिविर लगाकर मतदाताओं को भरवाए प्रपत्र
आगरा। भाजपा द्वारा एसआईआर. को लेकर आम जनमानस को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने आगरा महानगर के बल्केश्वर मंडल के लाल मस्जिद क्षेत्र में बूथ संख्या 342 और 343 पर घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान विशेष शिविर लगाकर एसआईआर से संबंधित प्रपत्रों और नए मतदाताओं के प्रपत्र भरवाए गए। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वाए और आवश्यक संशोधन कराए।
इस दौरान सांसद नवीन जैन ने कुंडी खटखटाकर नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उन्हें एसआईआर. के उद्देश्य, प्रक्रिया और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसआईआर लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सांसद नवीन जैन ने कहाकि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होता है। प्रत्येक नागरिक का मत राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे जागरूकता अभियानों से जुड़कर लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करें।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। इस मौके पर मंडल उपाध्यक्ष मानव कुमार, चंद्रेश गर्ग, पार्षद मुरारी प्रसाद अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अमित अग्रवाल ग्वाला, अमित अग्रवाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कुमकुम, शेलू गौतम, वंश अग्रवाल, पूजा जैन, राहुल तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



