बसपा यूपी विधानसभा सहित सभी चुनाव अकेले लड़ेगीः मायावती
बसपा सुप्रीमो ने लखनऊ में मनाया अपना जन्म दिन
भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों पर साधा निशाना
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने बृहस्पतिवार को कहाकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 सहित देश में होने वाले सभी छोटे-बड़े चुनाव पार्टी अकेले लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में बसपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। मायावती ने लखनऊ में अपना 70वां जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी पार्टी ने उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में सभी चुनाव अकेले लड़ना अधिक उचित समझा है। किसी भी पार्टी के साथ किसी भी चुनाव में किसी प्रकार का गठबंधन नहीं किया जाएगा।
मायावती ने कहाकि भविष्य में यदि यह भरोसा हो जाता है कि किसी गठबंधन सहयोगी पार्टी के खासकर अगड़ी जातियों के वोट बसपा को स्थानांतरित हो सकते हैं, तभी गठबंधन पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहाकि इस प्रक्रिया में वर्षों लग सकते हैं। मायावती ने कहाकि उत्तर प्रदेश की जनता बसपा के चार कार्यकालों को याद करते हुए एक बार फिर 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहाकि इसे साकार करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह जुट गए हैं। ताकि इस बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके।
मायावती ने दावा किया कि कांग्रेस, भाजपा सहित अन्य जातिवादी पार्टियां विभिन्न हथकंडे अपना रही हैं जिनका मुंहतोड़ जवाब देकर उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनानी है। ईवीएम को लेकर उन्होंने कहाकि पिछले कई चुनावों की तरह इस बार भी ईवीएम में धांधली और बेईमानी हो सकती है। इसके बावजूद बसपा पूरे देश में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहाकि लोगों का मानना है कि ईवीएम में धांधली करने वालों का सिस्टम कभी भी विफल हो सकता है और तब सही चुनाव परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने यह भी कहाकि पूरे देश में ईवीएम का विरोध बढ़ रहा है।
