योगी कैबिनेट में होगी 6 नए चेहरों की एंट्री!
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चैधरी का मंत्री बनना तय
विस्तार की तैयारी तेज, दिल्ली रवाना हुए प्रदेश अध्यक्ष
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी की नियुक्ति के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा हो रही है। सूत्रों के मुताबिक अब मंत्रिमंडल विस्तार होगा और 6 नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस पर मंगलवार को हुई कोर कमेटी की एक अहम बैठक में भी चर्चा की गई। यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी दिल्ली रवाना हो गए। जहां वे पार्टी हाईकमान को बैठक में हुई चर्चाओं की जानकारी देंगे।
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। यह बैठक नए प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संघ, संगठन और सरकार की पहली संयुक्त बैठक थी, जिसमें आपसी परिचय भी हुआ।
सूत्रों के मुताबिक पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चैधरी को फिर से मंत्री बनाए जाने पर गंभीरता से विचार किया गया है। उनके साथ करीब 6 विधायकों को मंत्री बनाने की योजना है। 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जातीय और क्षेत्रीय संतुलन पर खास जोर दिया जा रहा है। फिलहाल योगी सरकार में 54 मंत्री हैं। जबकि अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। यानी 6 नए मंत्रियों को शामिल करने की गुंजाइश है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली से मंजूरी मिलने के बाद जनवरी या फरवरी 2026 में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है, क्योंकि खरमास के बाद शुभ मुहूर्त उपलब्ध होंगे। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह मंत्रिमंडल विस्तार भाजपा के मिशन-2027 का अहम हिस्सा है।
