नवाचार के जरिए देश को विकसित बनाने का युवा लें अटल संकल्पः महापौर
नगर निगम में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मनाई शताब्दी वर्ष जयंती
कार्यक्रम में काव्यपाठ, चित्रकला प्रतियोगिता के साथ दी गई एक से बढकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) व जीरो वेस्ट थीम के साथ दिया गया स्वच्छ आगरा का संदेश
आगरा। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के ही नहीं बल्कि पूरे देश के आदर्श हैं। उनके विचार, कविताएं और वाक् शैली से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उक्त विचार महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नगर निगम में मंगलवार को आयोजित काव्यपाठ, चित्रकला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में व्यक्त किए।
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत मिशन को साकार करने में युवाओं से बढ़-चढ़कर सहयोग करने आह्वान किया। उन्होंने कहाकि सरल व्यक्तित्व और उच्च विचारों के साथ अटल जी का आदर्श है कि सभी को साथ लेकर चलो, अपने आस-पास सकारात्मक माहौल बनाते हुए आगे बढ़ो। उन्होंने शहरवासियों से अटल जी के विचारों के साथ अपने शहर को स्वच्छ बनाने और प्रकृति को सहेजने का आह्वान किया।
उन्होंने कहाकि सिंगल यूज प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें। नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे वेस्ट मैनेजमेंट में सहयोग करें और गीला व सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में ही डालें। महापौर ने कहाकि शहर के युवा नवाचार पर कार्य करें। इसके लिए नगर निगम द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चैहान ने कहा कि अटल जी ने हमेशा देश का नाम ऊंचा किया। चाहे कश्मीर हो, पोखरण हो या पाकिस्तान उन्होंने हर मुद्दे पर साहस दिखाया और दुश्मनों को चकमा देते हुए देश को नए मुकाम तक पहुंचाया। कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जीरो वेस्ट की अवधारणा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों के साथ देश को विकसित भारत बनाने के लिए प्रेरणा देना था।
इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने स्वच्छ आगरा, कचरे से कंचन और जीरो वेस्ट मार्केट जैसे विषय पर मनोहारी चित्रों को उकेरा। अतिथियों ने बच्चों की कल्पनाओं की चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। काव्यपाठ सत्र में डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा सहित अन्य कवियों ने स्वच्छता, राष्ट्रनिर्माण और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के व्यक्तित्व‑कृतित्व पर केंद्रित रचनाएं प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति‑चिन्ह प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता दूत बनकर अपने‑अपने वार्डों में जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चैहान और विशिष्ट अतिथि भाजपा बृज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल रहे। इस मौके पर भाजपा महानगर राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, नगर निगम आगरा के पार्षदगणों के अलावा बडी संख्या में विद्यार्थी युवा, साहित्यकार और नागरिक मौजूद रहे। संचालन भाजयुमो ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत और भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित ने किया।










