लोको पायलट और रनिंग स्टाफ मौसम और कोहरे से बचाव को सभी जरूरी सुविधाओं से लैस

0
78b8bd83-cdcc-4f9e-acd4-3371526a624b

कोहरे के मौसम में सुरक्षित रेल संचालन के लिए आगरा मंडल ने की युद्धस्तर पर तैयारी

आगरा। कोहरे की मार से निपटने के लिए आगरा रेल मंडल द्वारा ट्रेनों के सुरक्षित और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए युद्धस्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। इन तैयारियों के तहत लोको पायलट और रनिंग स्टाफ को मौसम और कोहरे से बचाव के लिए सभी जरूरी सुविधाओं से लैस किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ओपी) पवन कुमार जयंत की अगवाई में चल रही तैयारियों में कोहरे के दौरान लोको पायलट और रनिंग स्टाफ को सर्दी से बचाव के लिए सभी इंजनों की कैब को हीटर युक्त और हवा रोधक बनाया गया है। ताकि ट्रेन संचालन कर्मीदल को कार्य के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही घने कोहरे में गाड़ियों के सुरक्षित संचालन के लिए फॉग सेफ डिवाइस (एफएसडी) प्रत्येक लोको पायलट को उपलब्ध कराई जा रही है।

आगरा मंडल के मथुरा, आगरा फोर्ट और आगरा कैंट स्टेशन पर इंजनों के लुकआउट ग्लास की नियमित सफाई की जा रही है। ताकि दृश्यता प्रभावित न हो और गाड़ी संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न आए। कोहरे के मौसम में ट्रेनों के समय पालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कर्मीदल को लोको लॉबी पर अधिक प्रतीक्षा करनी पड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए आगरा मंडल की सभी क्रू लॉबी में वेटिंग हॉल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इसके अतिरिक्त आगरा मंडल के सभी रनिंग रूमों में कर्मीदल के लिए कम्बल, रूम हीटर, गर्म पानी के लिए गीजर और उच्च गुणवत्ता वाले भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। आगरा मंडल यात्रियों की सुरक्षा और कर्मीदल की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोहरे के मौसम में भी सुरक्षित और भरोसेमंद रेल संचालन के लिए सतत प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *