सांस्कृतिक उत्सव में झूमा आगरा रेल मंडल

0
4d389094-7fa1-4774-9e1b-aa953189b6e7

दो दिवसीय नृत्य, नाट्य और सुर उत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से रंगा रहा आगरा मंडल का अधिकारी क्लब

मंडल रेल प्रबंघक गगन गोयल और ईशानी गोयल ने किया उद्घाटन

आगरा। शास्त्रीय संगीत पर धमाकेदार प्रस्तुतियों पर थिरकते कदम तो सुरीली आवाज बिखेरते प्रतिभागी। भाव-भंगिमा के साथ नाट्य प्रस्तुतियां। यह सब दिखा रेलवे क्लब के दो दिवसीय नृत्य, नाट्य और सुर उत्सव के पहले दिन। जगमगाती रौशनी में नृत्य और सुरों से सजा रेलवे का अधिकारी क्लब हाॅल तालियों की गडगडाहट से गूंज रहा था। प्रतिभागियों ने एक से बढकर एक प्रस्तुतियों से जमकर वाहवाही लूटी।

दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल और रेलवे वुमेन वेलफेयर आर्गनाइजेशन की अध्यक्षा ईशानी गोयल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहाकि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण, आपसी समन्वय और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। भविष्य में भी आगरा रेल मंडल में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सनत जैन के निर्देशन में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव में नृत्य, नाट्य और संगीत की विविध विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतियोगिता में आगरा रेल मंडल के विभिन्न विभागों-इकाइयों से आए प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एकल गायन, युगल गायन, शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय एकल गायन, शास्त्रीय नृत्य, समूह नृत्य, स्क्रिप्ट (नाट्य लेखन), वाद्य यंत्र, लोक-आधुनिक वाद्य यंत्र, सुगम्य नृत्य में प्रतिभागियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सनत जैन ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रतिभागियों में सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, रचनात्मकता को प्रोत्साहन देने और छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।

मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहाकि आगरा मंडल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। इस दौरान आगरा रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारीगण, विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में कला प्रेमी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *