आगरा के एत्मादपुर में किसानों के ट्रैक्टर मार्च से आगरा-बरहन मार्ग हुआ जाम
सिस्टम सुधार संगठन ने एत्मादपुर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन
पुलिस ने बेरिकेटिंग लगाकर रोका, किसानों का भडका गुस्सा, धरने पर बैठे
एसडीएम ने मौके पर पहुंच सुनीं समस्याएं, आश्वासन पर माने किसान
आगरा। पुलिस की बेरिकेटिंग और बुलडोजर भी सिस्टम सुधार संगठन के हौंसले को डिगा नहीं सके। किसान क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर शुक्रवार को सिस्टम सुधार संगठन ने एत्मादपुर में ट्रैक्टर मार्च निकाला। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर के नेतृत्व में ट्रैक्टर किसान मार्च में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। इसके चलते आगरा-बरहन मार्ग जाम हो गया।
बरहन रोड से तहसील मुख्यालय की ओर जैसे ही ट्रैक्टर किसान मार्च ने कूच किया तो पुलिस ने रास्ते में बुलडोजर लगा दिया। ट्रैक्टर मार्च रोकने के लिए हर जगह बैरिकेडिंग कर दी गई। इससे किसानों का आक्रोश भड़क उठा। वे बरहन रोड पर ही धरने पर बैठ गए। सिस्टम सुधार संगठन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचना चाहते थे, लेकिन पुलिस की रोक-टोक के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात कर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसान अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने के लिए अडे रहे।
बरहन रोड जाम की सूचना पर एसडीएम सुमित कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसानों से बातचीत की। करीब दो घंटे की वार्ता के बाद किसानों ने एस डीएम को ज्ञापन को देकर धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान स्थानीय पुलिस समेत कई थानों का फोर्स और पीएसी बल मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान तह सीलदार देवेंद्र प्रताप, एसीपी देवेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक एत्मादपुर आलोक कुमार सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम जयप्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।


