कोहरे के दौरान एक्सप्रेस-वे पर यातायात पर लगे पूर्ण प्रतिबंध, सांसद नवीन जैन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर की मांग
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने बढ़ते सड़क हादसों को गंभीर बताते हुए कोहरे के दौरान एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित किए जाने की मांग की है। उन्होंने इस सम्बन्ध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर त्वरित निर्णय लेने का आग्रह किया है।
पत्र में सांसद ने कहाकि हर वर्ष सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के कारण देशभर में विशेषकर एक्सप्रेस-वे पर सैकड़ों सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इनमें हजारों लोग घायल होते हैं और कई लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है। इससे न केवल जान-माल की भारी क्षति होती है, बल्कि अनेक परिवार पूरी तरह उजड़ जाते हैं।
सांसद नवीन जैन ने 16 दिसंबर 2025 को मथुरा के बलदेव क्षेत्र में शून्य दृश्यता के कारण हुए भीषण सड़क हादसे का उल्लेख करते हुए कहाकि यह दुर्घटना देश को झकझोर देने वाली है।ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। उन्होंने कहाकि कोहरे की जानकारी मौसम विभाग से मिलने के बाद संभावित 5 से 7 घंटे तक देश के सभी एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूर्णतः बंद किया जाना चाहिए।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि अक्सर माता-पिता अपने बच्चों को कोहरे के दौरान यात्रा न करने की सलाह देते हैं, लेकिन कई बार बच्चे उनकी बात नहीं मानते, जिससे लापरवाही जानलेवा साबित होती है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर सख्त निर्णय ही दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं।
सांसद ने लिखा कि जब तक कोहरे के दौरान यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा, तब तक सड़क हादसों पर प्रभावी विराम नहीं लग सकेगा। उन्होंने कहाकि“जान है तो जहान है। इस सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए सरकार को कठोर कदम उठाने चाहिए। सांसद नवीन जैन ने इस मुद्दे को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए कहाकि यदि सरकार इस दिशा में त्वरित निर्णय लेती है, तो इससे न केवल लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि देशभर के माता-पिता भी निश्चिंत होकर सरकार को आशीर्वाद देंगे।
