केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार विफल साबितः अखिलेश

0
47570-akhilesh-yadav

सपा मुखिया ने भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर जमकर बोला हमला

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर जमकर प्रहार किया है। रविवार को सहारनपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहाकि केंद्र और राज्य दोनों ही जगह भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता महंगाई की मार झेल रही है, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा और थानों में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है।

अखिलेश यादव ने भारतीय मुद्रा में लगातार गिरावट पर चिंता जताते हुए कहाकि रुपया डॉलर के मुकाबले तेजी से कमजोर होता जा रहा है।रूपया गिरते-गिरते 90 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच चुका है। अर्थव्यवस्था पर बड़ा संकट है, लेकिन भाजपा सरकार सच छिपाने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भावनाओं की राजनीति कर रही है। जबकि किसानों, मजदूरों और युवाओं के हितों की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहाकि संविधान की मूल भावना से हटकर काम करना देश के हित में नहीं है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा दिया गया संविधान ही देश को सही दिशा दे सकता है।

इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें प्रभावित होने और यात्रियों को हो रही परेशानी पर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने कहाकि सरकार उद्योगपतियों को इतना ताकतवर बना रही है कि वे नीतियों और फैसलों पर दबाव बना सकें। उन्होंने इलेक्टोरल बांड को लेकर भी भाजपा पर आरोप लगाए और कहाकि इसी वजह से सरकार का इंडिगो पर कोई नियंत्रण नहीं है।

वोटर सूची में संशोधन और नाम कटने के आरोप पर उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उनका दावा है कि उत्तर प्रदेश में दो से तीन करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने का खतरा है। उन्होंने कहाकि सबके पास आधार कार्ड है, फिंगरप्रिंट और आंख की रेटिना तक का रिकॉर्ड है, फिर भी आधुनिक तकनीक का उपयोग करके वोट जोड़ने की प्रक्रिया सरल नहीं की जा रही। उन्होंने कहाकि भाजपा जानबूझकर जनता को परेशान कर रही है, जैसा नोटबंदी और कोविड के दौरान किया गया था।

अखिलेश यादव ने महाकुंभ मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने सही आंकड़े सामने नहीं रखे। उन्होंने कहाकि भाजपा ने जो भी वादे किए थे, उनमें से कोई पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा को इस बार सत्ता से बाहर कर देगी और आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक परिणाम सामने आएंगे। सहारनपुर की जनता को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहाकि लोकसभा चुनाव में गठबंधन को यहां से मजबूती मिली थी और आगामी चुनाव में भी जनता सपा के साथ खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *