बेखौफ माफिया! खाकी को डंपर से कुलचने की कोशिश, पथराव, 5 गिरफ्तार

0
palsa-harasata-ma-aarapa_690261a089c06e8e680ac83941475919

खंदौली क्षेत्र का मामला, पुलिस ने कार, डंपर ओर बुलडोजर को किया जब्त

आगरा। जिले में खनन माफियाओं का आतंक इस कदर बढ गया है कि अब वे पुलिस पर भी हमला करने से नहीं डर रहे। खंदौली क्षेत्र के नगला ताशी गांव के पास मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर पहुंची टीम पर सोमवार की रात खनन माफिया ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद पथराव किया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाते हुए पांच हमलावरों को गिरफ्तार किया। एक कार, डंपर और बुलडोजर को भी जब्त किया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

थाना प्रभारी खंदौली ने बताया कि सोमवार की रात सूचना मिली थी कि क्षेत्र के नगला ताशी गांव के समीप हथियारबंद खनन माफिया बुल्डोजर, डंपर की मदद से मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही करीब 15-20 खनन करने वाले भागने लगे। इस दौरान उन्होंने कार से पुलिसकर्मियों को कुचलने की भी कोशिश की। हालांकि पुलिसकर्मियों ने भागकर खुद को बचाया। इसके बाद हमलावरों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला। घेराबंदी करके पुलिस ने अवैध खनन और हमले के 5 आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रकाश, एकेंद्र सिंह निवासी गढ़ी हुलासी थाना सादाबाद हाथरस, देवव्रत निवासी गांव सीस्ता सादाबाद हाथरस, महेश निवासी इसीपुर थाना सिकंदराराऊ, हाथरस और डंपर चालक मानिकचंद्र निवासी नगला बैरू थाना सादाबाद हाथरस हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों को सीज कर दिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *