बुंदेलखंड एक्सप्रेस के जनरल कोच में धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
प्रयागराज मुख्यालय के शंकरगढ रेलवे स्टेशन पर धुआं उठता देख उतरे यात्री
आरपीएफ और रेलवे स्टाफ ने स्थिति को किया काबू, एक घंटे खडी रही ट्रेन
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मुख्यालय के शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झांसी से प्रयागराज जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस के जनरल कोच में धुआं उठता देखा गया। शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस के पहुंचते ही जनरल बोगी में आग लगने का शोर मचाते हुए यात्री नीचे उतरने लगे। इससे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। आरपीएफ जवानों और रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए जिस कोच में धुआं उठ रहा था। वहां से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। ट्रेन को स्टेशन पर लगभग एक घंटे तक रोका गया।
शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन पर सुबह लगभग 5.30 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस पहुंची। यात्रियों ने डिब्बे में आग लगने का शोर मचाया। शोर सुनकर स्टेशन मास्टर और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे। ट्रेन के पीछे गार्ड के बगल में जनरल कोच के अंदर से धुआं उठ रहा था। रेलवे स्टाफ ने अग्निशमन यंत्र से उठते धुएं को बुझाने का काम किया। इस कारण करीब एक घंटे तक स्टेशन पर ट्रेन रुकी रही। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। वहीं कुछ लोग विद्युत शार्ट सर्किट से आग लगने की बात कह रहे है।
ट्रेन लगभग एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे कर्मचारियों ने प्रभावित डिब्बे के यात्रियों को उतारकर दूसरे डिब्बे में बैठाया। इसके बाद ट्रेन को प्रयागराज जंक्शन के लिए रवाना किया गया। स्टेशन प्रबंधक प्रकाश चंद्र झा ने बताया कि सभी उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया था और आग पर जल्द काबू पा लिया गया था।
