गोंडा में बीएलओ ने खाया जहर, हालत नाजुक
उपचार के लिए बीएलओ विपिन यादव को लखनऊ किया रेफर
प्रशासन ने जांच के दिए आदेश, वजह जानने में जुटी पुलिस
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक बीएलओ ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विपिन यादव जैतपुर माझा में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। मूल रूप से जौनपुर जिले के निवासी विपिन यादव एसआईआर का काम बीएलओ के रूप में देख रहे हैं। मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसकी जानकारी होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। घटना की पुष्टि करते हुए सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि अध्यापक ने किसी विषैले पदार्थ सेवन किया है। इसके चलते उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी है।
