आगरा की आवास विकास काॅलोनी में धर्मांतरण पर बजरंगियों का हंगामा
आरोप, चंगाई सभा में दलित समाज के लोगों को कर रहे टारगेट
मौके से दो लोगों हिरासत में ले पुलिस थाने लाई, पूछताछ जारी
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के माधवकुंज में एक मकान में धर्मांतरण की सूचना पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। जानकारी होने पर पुलिस भी आ गई। पुलिस घर में मौजूद दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाई है।
आवास विकास काॅलोनी सेक्टर सात स्थित माधव कुंज सेंट्रल पार्क के एक मकान में रविवार सुबह कुछ महिलाएं पहुंची। इनके साथ हिंदूवादी कार्यकर्ता भी पहुंचे। उनका आरोप था कि घर के अंदर पूजा-पाठ व चंगाई के नाम पर धर्मांतरण कराने का खेल चल रहा है। ईसाई समाज के लोग रविवार को लोगों को बीमारी से ठीक करने के नाम पर बुलाते हैं। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बजरंगी मकान के अंदर पहुंच गए। उन्होंने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसको लेकर हंगामा हो गया। वहां मौजूद कई लोग भाग निकले।
मौके पर पहंुची पुलिस को मकान के अंदर दो लोग मिले। आरोप है कि मकान को किराए पर लेकर ये काम किया जा रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले आई है। पुलिस के अनुसार जांच-पड़ताल की जा रही है।यह पता किया जा रहा है कि धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था या नहीं। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। धर्मांतरण का मामला सामने आने पर तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
