फिर चर्चा में एएसपी अनुज चैधरी, खाकी वर्दी में छूए मौनी बाबा के पैर, वीडियो वायरल
लोग उठा रहे सवाल तो कुछ कर रहे समर्थन
मथुरा। एएसपी अनुज चैधरी अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। संभल में सीओ रहते हुए वह अपने बयानों के कारण चर्चा में आए थे। हाल में फिरोजाबाद में एएसपी (ग्रामीण) रहते हुए उन्होंने बदमाश नरेश के साथ मुठभेड़ में बहादुरी दिखाई थी। इस दौरान चली गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी थी, जिससे उनकी जान बच गई थी, लेकिन इस बार अनुज चैधरी एक वीडियो के कारण विवादों में हैं।
सोशल मीडिया पर एएसपी अनुज चैधरी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मथुरा पहुंचे अनुज चैधरी इस वीडियो में वर्दी पहनकर एक बाबा के चरण स्पर्श करते दिख रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि अनुज पहले बाबा माधव दास उर्फ मौनी बाबा के पैर छूते हैं, फिर आशीर्वाद लेते हैं। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी और बाबा उन्हें हनुमान जी का गदा भेंट करते हैं। वर्दी में रहते हुए इस तरह पैर छूने को लोग सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं। कुछ लोग इसे अनुशासन का उल्लंघन बता रहे हैं। जबकि कई लोग इसे उनकी आस्था मानकर समर्थन भी कर रहे हैं।
अनुज चैधरी अंतरराष्ट्रीय पहलवान रहे हैं। वे कुश्ती में भारत की ओर से ओलंपिक और एशियन गेम्स में खेल चुके हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार भी मिल चुका है। स्पोर्ट्स कोटा से वे वर्ष 2000 में यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर बने। इसके बाद प्रमोशन पाकर डिप्टी एसपी और अब एएसपी के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
