फतेहपुर सीकरी में वंदे भारत की चपेट में आने से दो गोवंश की मौत, आधा घंटे रुकी रही ट्रेन
आगरा कैंट से उदयपुर सिटी जा रही थी वंदे भारत एक्सप्रेस
गोवंशों के टकराने से ट्रेन का मडगार्ड हुआ बुरी तरह क्षतिग्रस्त
सूचना पर रेलवे द्वारा हादसे के कारणों की जांच कराई शुरू
आगरा। फतेहपुर सीकरी स्टेशन के समीप सोमवार दोपहर को रेलवे ट्रैक पर अचा नक आए दो गोवंश की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों गोवंशों के चीथडे उड गए। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। सूचना पर पहुंचे रेलकर्मियों ने गौवंशों के अवशेषों को ट्रैक से हटाया। इसके चलते ट्रेन करीब आधा घंटे तक मौके पर ही खडी रही।
आगरा कैंट से चलकर उदयपुर सिटी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस नंबर 20982 सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे फतेहपुर सीकरी स्टेशन से लगभग 500 मीटर आगे पहुंची कि तभी अचानक रेलवे ट्रैक पर आए दो गोवंश तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रेन के इंजन का मडगार्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ट्रेन को रोका गया। ट्रेन का टेक्निकल स्टाफ नीचे उतरा और क्षतिग्रस्त मडगार्ड को हटाकर उसे ट्रेन के अंदर सुरक्षित रख दिया।
मरम्मत प्रक्रिया के कारण ट्रेन लगभग आधा घंटा रुकी रही। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद लगभग 4.00 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस अपने गंतव्य उदयपुर सिटी के लिए रवाना हो सकी। स्थानीय रेलवे कर्मचारियों ने घटना की सूचना रेलवे के अधिकारियों को दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

