छठ मैया ने बचा लिया, वरना बचना मुश्किल था!

0
gifmagicsite-2025-10-26t084405668_1761449806

आगरा-लखनऊ में एक्सप्रेस-वे पर चलती एसी बस में लगी भीषण आग

90 किमी की स्पीड में फटा टायर, बस आग के गोले में हुई तब्दील

दिल्ली से गोंडा जा रहे 70 यात्री बाल-बाल बचे, दमकलों ने पाया काबू

लखनऊ। आगरा-लखनऊएक्सप्रेस-वे पर चलती बस का अचानक टायर फटने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बस आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे के वक्त बस में 70 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित बच गए। आग इतनी भयंकर थी कि धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

यात्रियों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब एक घंटे बाद मौके पर एक के बाद एक पहुंची तीन दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। हादसा रविवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे काकोरी थाना इलाके में एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास हुआ। बस दिल्ली से गोंडा जा रही थी। छठ के चलते काफी भीड़ थी। पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है।

यात्रियों ने बताया कि बस एक्सप्रेस-वे पर 80-90 किमी की रफ्तार में चल रही थी, तभी पीछे का टायर अचानक फट गया। तेज आवाज आई और बस लहरा गई। ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक मारा। वह नीचे उतरकर चेक कर रहा था, तभी पीछे की तरफ से धुआं उठने लगा। धुआं उठते देख ड्राइवर और क्लीनर घबरा गए। उन्होंने यात्रियों को चिल्लाकर बाहर बुलाया। सुबह का वक्त था, ऐसे में ज्यादातर यात्री सो रहे थे। कई लोग बस में सामान छोड़कर बाहर निकल आए। तब तक धुआं लपटों में तब्दील हो चुका था। बस में ज्यादातर लोग दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से छठ पर्व मनाने के लिए घर जा रहे थे। हादसे में कई यात्रियों का सामान जल गया। घटना के बाद यात्री डर गए। बोले-छठी मैया ने बचा लिया, वरना जितना भयंकर हादसा था, किसी का बच पाना मुश्किल था। पुलिस ने यात्रियों को गोंडा भेजने के लिए दूसरी गाड़ी का इंतजाम किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *