नशा मुक्त समाज के लिए वेदांता हाफ मैराथन में दौडा रेलवे सुरक्षा बल
आरपीएफ के 26 कर्मियों के दल ने हाफ मैराथन में लिया हिस्सा
नई दिल्ली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली में आयोजित वेदांता हाफ मैराथन में हिस्सा लिया। युवाओं में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने, रेलवे नेटवर्क के माध्यम से नशीली दवाओं की तस्करी पर अंकुश लगाने और एक नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ऑपरेशन नार्कोस नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डालता है।

रेलवे की पांच महिला अधिकारियों सहित विभिन्न रैंकों के 26 कर्मियों के दल ने आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा निर्देशन में इस आयोजन में रेलवे सुरक्षा बल का प्रतिनिधित्व किया। आरपीएफ टीम का नेतृत्व उत्तर रेलवे की महानिरीक्षक निर्माण कमलजोत बराड़ ने किया। ऐसे आयोजनों में आरपीएफ की भागीदारी उसके कर्मियों के बीच शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

वेदांता हाफ मैराथन के लिए आरपीएफ दल का विषय था ऑपरेशन नार्कोसः आरपीएफ अगेंस्ट ड्रग ट्रैफिकिंग। यह विषय युवाओं में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने, रेलवे नेटवर्क के माध्यम से नशीली दवाओं की तस्करी पर अंकुश लगाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए आरपीएफ के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करता है। आरपीएफ यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के अपने मिशन में दृढ़ है, साथ ही राष्ट्रीय उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित एक सामाजिक रूप से जिम्मेदार बल के रूप में अपनी भूमिका को भी कायम रखे हुए है।
