दीपावली पर 30 लाख दीपों से जगमग होगी अयोध्या
अयोध्या। उत्तर प्रदेश में भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव पर इस बार 30 लाख से अधिक दीये प्रज्जवलित किये जाएंगे। तीन दिवसीय दीपोत्सव 17 से 19 अक्टूबर तक होगा। इस बार दीपोत्सव पर 30 लाख से अधिक दीपक पूरे जनपद में जगमगाएंगे। इसमें जिला प्रशासन और अयोध्या के जन सामान्य के साथ-साथ रामनगरी के संत-महंत और धर्माचार्य भी जुट गए हैं।
दीपोत्सव को अयोध्यावासी धूमधाम से मनाने में अभी से जुट गए हैं। अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जयेंद्र कुमार के रविवार को बताया कि दीपोत्सव के लिए 28 लाख दीपकों की आपूर्ति का निविदा जारी की गई थी।यह दीपक अयोध्या धाम में राम की पैड़ी के 56 घाटों पर जलाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त अयोध्या के संत महंत धर्माचार्य और गृहस्थ अपनी योजना से अपने- अपने मठ मंदिर धर्मस्थल प्रतिष्ठान पर दीप जलाएंगे। अयोध्या जनपद के प्रमुख धर्म स्थलों और सार्वजनिक स्थलों पर स्थानीय जन मानस दीप जलाकर दीपोत्सव मनाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अपने- अपने स्तर इस दीपोत्सव को भव्य तथा दिव्य स्वरूप देने में लगे हैं। भाजपा की अयोध्या महानगर की टीम अयोध्या धाम और अयोध्या के प्रमुख स्थानों पर रंगोली सजाकर दीप प्रज्ज्वलित करती है। इसके लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारी सौंपी जाती है। दीपोत्सव पर रामपैडी सहित जनपद के सभी मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और धर्म स्थलों पर जलने वाले दीपों की संख्या को जोड़ा जाएगा तो यह आंकड़ा 30 लाख दीपकों से ज्यादा का निकलता है। अयोध्या महानगर के महामंत्री शैलेंद्र कोरी ने बताया कि संगठन किस स्थान पर कितना दीपक जलाएगा यह तय हो गया है। अब तो दीपोत्सव के आयोजन का इंतजार है।
