अमृत संवाद में यात्रीगण सुविधाओं से दिखे संतुष्ट
मंडावर महवा रोड स्टेशन पर रेलवे के अफसरों ने यात्रियों से किया अमृत संवाद
अमृत स्टेशन योजना में आगरा मंडल का मंडावर रोड स्टेशन हुआ पुनर्विकसित
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा रेल मंडल के मंडावर महवा रोड स्टेशन पर यात्रियों से अमृत संवाद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए यात्रियों से फीडबैक लेना था। इस दौरान यात्रियों ने कई सुझाव दिए। अधिकांश यात्रियों ने रेलवे के प्रयासों की सराहना की और स्वच्छता के लिए उठाए गए कदमों के प्रति संतुष्टि जाहिर की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंच-प्राण सिद्धांतों और रेल मंत्रालय के विशेष अभियान 5.0 के तहत मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में उत्तर मध्य रेलवे के मंडावर महवा रोड स्टेशन पर बुधवार को अमृत संवाद का आयोजन किया गया। वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक विवेक दिवाकर ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। बताया कि मंडावर महवा रोड स्टेशन अमृत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक रूप में विकसित किया गया है। जहां उन्नत प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, नवनिर्मित प्लेटफार्म शेड, आकर्षक सौंदर्यीकरण, ऊर्जा-संवर्धित प्रकाश व्यवस्था और एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल जैसी सुविधाएं यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।

जनसंपर्क अधिकारी कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि संवाद के दौरान रेलवे अधिकारियों और यात्रियों के बीच अनेक विषयों पर चर्चा हुई। इनमें अमृत भारत स्टेशन मंडावर महवा रोड के विकास के साथ स्थानीय उत्पादों के विक्रय स्टॉल, कोच मार्गदर्शन प्रणाली, दिशा संकेतक और दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की गई। यात्रियों ने सुधार के संबंध में अपने विचार साझा किए। इसके साथ ही देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में प्रत्येक नागरिक द्वारा अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करने के महत्व पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस दौरान वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक विवेक दिवाकर के साथ डीआरयूसीसी सदस्य रोशन लाल, तोता राम सरपंच, मंडावर एसएचओ सत्यनारायण, राकेश तिवारी प्रिंसिपल द लिटिल चैंपियन स्कूल मंडावर, मोहन मीना वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक आगरा, बीएस मीना स्टेशन प्रबंधक, रामप्रसाद मीना उप स्टेशन प्रबंधक के अलावा तमाम यात्री, कर्मचारी और आमजन मौजूद रहे।
