मथुरा में डिवाइडर से टकरा पलटी ट्रैवलर, मची चीख-पुकार
फरह क्षेत्र में हुए हादसे में चालक की मौके पर ही मौत, 22 लोग घायल
मथुरा। पर्यटकों की ट्रैवलर मथुरा के फरह के समीप डिवाइडर से टकराकर बिजली के खम्भे में जा घुसी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसमें सवार 22 पर्यटक घायल हो गए। सभी पर्यटक पश्चिम बंगाल के हुगली से तीन दिन पूर्व वृन्दावन घूमने आए थे।
मंगलवार सुबह 6 बजे सभी ट्रैवलर से आगरा में ताजमहल देखने गए थे। दोपहर में लौटते समय े फरह के समीप फतिहा रेलवे पुल पर गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई और डिवाइडर पर लगे बिजली के खम्भे से टकराकर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। हादसे में गाड़ी चालक किशोरपुरा वृंदावन निवासी 40 वर्षीय सतीशचंद की मौके पर मौत हो गई। जबकि गाड़ी सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को फरह के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां से गम्भीर मरीजों को आगरा के एसएन मेडिकल काॅलेज रेफर करने के साथ निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया। घायलों का हाल चाल जानने एसडीएम सदर अभिनव जे जैन भी मौके पर पहुंचे।
