मैं तो अब मोबाइल चलाना भी भूल गया…
जेल से छूटने के बाद अखिलेश से बात पर बोले आजम खान
सपा नेता बोले, मुझे सिर्फ अपनी पत्नी का ही नम्बर याद है
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां को लगभग दो साल के बाद सीतापुर जेल से जमानत पर रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आने के बाद से ही आजम खान लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। आजम की जमानत पर सपा से लेकर भाजपा तक के नेताओं की तरफ से लगातार टिप्पणी सामने आ रही है। अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए जाने जाने वाले आजम खान ने जेल से बाहर आने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है।
आजम खान से मीडिया ने उनकी आगे की राजनीति, मुकदमों से लेकर अखिलेश यादव संग बातचीत को लेकर सवाल किए गए। आजम खान ने कहाकि जहां तक मुकदमों का सवाल है उन मुकदमों में अगर कोई दम होता तो मैं आज बाहर नहीं दिखता। छोटी अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मुझे इंसाफ मिलने की उम्मीद है। एक दिन मैं बेदाग हो जाऊंगा।
अखिलेश यादव का फोन आया या नहीं इस पर उन्होंने कहाकि पांच साल तक जेल में रहने से वह मोबाइल चलाना तक भूल गए हैं। उन्होंने कहाकि अब मुझे सिर्फ अपनी पत्नी का नंबर याद है। आजम खान ने कहा मैं बड़ा आदमी नहीं बड़ा खादिम (सेवक) हूं। उन्होंने यह भी कहाकि अभी तो पहले मैं अपना इलाज करवाऊंगा। वह बड़ी पार्टी के बड़े नेता हैं। मेरे जैसे छोटे आदमी के लिए बात करेंगे तो यह उनका बड़प्पन है।
कभी उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली मंत्री रहे आजम खां लगभग दो साल जेल में रहने के बाद दोपहर रिहा कर दिये गये। सफेद कुर्ता-पायजामा और काले रंग का चश्मा व वेस्टकोट पहने खां एक निजी वाहन में सवार होकर जेल परिसर से बाहर निकले और रामपुर रवाना हो गए। खां देर शाम रामपुर स्थित अपने आवास पर पहुंचे तो उनके समर्थकों ने इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाये। समर्थकों के हुजूम की वजह से खां बड़ी मशक्कत के बाद अपने घर के अंदर दाखिल हो सके।
