मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ, आगरा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
अपर पुलिस उपायुक्त नगर मनोज कुमार यादव और एसीपी सदर बाजार अमीषा ने पुलिस टीम के साथ किया जनसंपर्क
आगरा। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस 11 अक्टूबर को कमिश्नरेट आगरा में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से संवाद किया और महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के अंतर्गत आगरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों और एंटी रोमियो टीमों ने जनसंपर्क कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी भय अथवा संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त नगर मनोज कुमार यादव और सहायक पुलिस आयुक्त सदर बाजार अमीषा ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर आमजन, महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की भूमिका और जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।
मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। आगरा पुलिस द्वारा अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
