नवरात्र के पहले दिन मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ, आगरा पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक
राजा मंडी स्टेशन के पास दुर्गा पंडाल में महिलाओं को बताए सुरक्षा के उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
आगरा। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिवस 11 अक्टूबर को आगरा में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत आगरा पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इसके माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंतर्गत कमिश्नरेट आगरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों और एंटी रोमियो टीमों ने भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया। पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने की अपील की।
इसी क्रम में सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत/लाइन्स बजरंग प्रसाद ने पुलिस टीम के साथ राजा मंडी रेलवे स्टेशन के पास स्थित दुर्गा पंडाल में पहुंचकर महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने महिला सुरक्षा और पुलिस की सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी। मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
आगरा पुलिस ने अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना किसी भय के पुलिस की मदद ले सकती हैं।

