नन्हे-मुन्नों के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज की सहभागिता जरूरी : सांसद नवीन जैन
आगरा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक माह तक चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं इसी क्रम में आगरा के रतनपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर “आंगन मिलन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नवीन जैन शामिल हुए और नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताते हुए सेवा कार्य किया।
सांसद नवीन जैन ने आंगनवाड़ी केंद्र पर कुपोषण से प्रभावित बच्चों सहित छोटे बच्चों को पुष्टाहार खिलाकर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं और अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़े के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचकर सेवा कार्य करना उनके “सेवा ही संकल्प” की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश निरंतर विकास और जनकल्याण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केवल बच्चों की देखभाल और पोषण का केंद्र नहीं है, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और संस्कारों की मजबूत नींव रखने वाला स्थान भी है। इन नन्हे बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ समाज की सहभागिता भी आवश्यक है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, संवेदना और सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास है। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और माताओं के बीच विश्वास का भाव ही सेवा कार्य की वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ बचपन में ही देश के सशक्त भविष्य की नींव निहित है, इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार बच्चों और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
इस दौरान सांसद नवीन जैन ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी माताओं से भी बातचीत कर बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ली।
इस दौरान कार्यक्रम में कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा महानगर मंत्री नेहा गुप्ता, डीपीओ मनोज कुमार मौर्य, सीडीपीओ यश मेहता, क्षेत्रीय पार्षद धर्मवीर कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



