प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का किया लोकार्पण

0
WhatsApp Image 2026-07-18 at 9.51.11 PM

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश को समर्पित किए 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशन
आगरा मंडल के डीग रेलवे स्टेशन का भी हुआ लोकार्पण

 आगरा:भारतीय रेलवे के स्टेशन आधुनिकीकरण अभियान के अंतर्गत आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई, जब माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राजस्थान के 08 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया, जिनमें उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल का डीग रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा।
डीग रेलवे स्टेशन पर आयोजित लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बैडम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीग-कुम्हेर के विधायक डॉ. शैलेश सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष भरतपुर शिवानी राहीमा, स्वतंत्रता सेनानी हुकम चंद सैनी एवं  राम जी लाल ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक, आगरा  गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक,  गिरीश कुमार गुप्ता, मंडल के शाखाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, डीआरयूसीसी एवं जेडआरयूसीसी के सदस्य, यूनियन प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी,जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

लगभग 15.24 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित डीग रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं यात्री-अनुकूल स्वरूप प्रदान किया गया है। स्टेशन पर आकर्षक भवन, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, आधुनिक साइनेज, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, हरित क्षेत्र, पार्किंग, फुट ओवर ब्रिज, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, मोबाइल चार्जिंग सुविधा तथा अन्य अनेक आधुनिक यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है।
स्टेशन के पुनर्विकास में स्थानीय संस्कृति एवं क्षेत्रीय विरासत को विशेष महत्व दिया गया है। स्टेशन भवन के फसाड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में स्थानीय स्थापत्य कला की झलक दिखाई देती है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का भी अनुभव होगा।
दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, सुगम प्रवेश मार्ग, लो-हाइट टिकट काउंटर तथा स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतकों की व्यवस्था की गई है।
यह पुनर्विकसित स्टेशन क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, कृषि, रोजगार एवं क्षेत्रीय संपर्क को नई गति प्रदान करेगा तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण यात्रा अनुभव उपलब्ध कराएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे ऐसे विकास कार्य भारतीय रेलवे को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक, समावेशी एवं विश्वस्तरीय परिवहन व्यवस्था के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *