फुब्बारा बाजार में मेडिकल एजेंसी पर छापा, टीम को छह दवाएं मिली संदिग्ध, बिक्री पर लगाई रोक
आगरा। औषधि विभाग की टीम ने नकली दवाओं की बिक्री की शिकायत पर फुव्वारा स्थित श्री मेडिकल एजेंसी पर बुधवार को छापा मारा। यहां छह घंटे तक रिकार्ड खंगाले। इसमें दवाओं की खरीद-बिक्री के बिल में गड़बड़ी मिली। पेट दर्द, एलर्जी समेत अन्य मर्ज की छह दवाएं संदिग्ध मिली हैं। इनके नमूने लिए हैं। दवाओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी है।
सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि नामी कंपनी ने शिकायत की कि उनके ब्रांड की एंटी एलर्जिक, पेट दर्द और हड्डी रोग की नकली दवाएं कम्मू टोला स्थित श्री मेडिकल एजेंसी पर बेची जा रही हैं। इस पर औषधि निरीक्षक नवनीत यादव और नीलेश शर्मा के साथ फव्वारा के कम्मू टोला स्थित श्री मेडिकल एजेंसी पर दोपहर करीब दो बजे छापा मारा। यहां मौके पर संचालक सुरेंद्र गुप्ता मिले। कंप्यूटर समेत अन्य रिकार्ड की भी जांच की। इनमें गड़बड़ी मिली।
भंडारण और बिक्री के रिकार्ड का मिलान किया तो इसमें भी भारी अनियमितताएं मिलीं। दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकार्ड मांगे तो वह सभी उपलब्ध नहीं करा पाए। इस पर ऑक्सालजिन डीपी की विभिन्न सैंपल की चार नमूने लिए। ये पेट दर्द की दवा है। सेटिजन टैबलेट एंटी एलर्जिक और प्रीमोल्ट एन टैबलेट हड्डी रोग में उपयोग की जाती है। इन दोनों के एक-एक नमूने लिए हैं। गड़बड़ी और संदिग्ध दवाओं को देखते हुए दवाओं की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी है। नोटिस देकर बिल के रिकार्ड मांगे हैं। कार्रवाई रात आठ बजे तक चली।
