मथुरा जंक्शन स्टेशन का होगा पुनर्विकासः जोशी

महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने मथुरा जंक्शन स्टेशन का किया निरीक्षण
विभिन्न रेलवे सुविधाओं को परखा, पुनर्विकास लेआउट किया अवलोकन
कुलियों से बातचीत की, रेल सेवाओं को प्रभावी बनाने को किया प्रेरित
मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक उपेन्द्र चन्द्र जोशी ने शुक्रवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां बेहतर साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं पर जोर दिया। वहीं मथुरा जंक्शन के पुनर्विकास कार्याें से सम्बन्धित लेआउट प्लान का अवलोकन किया।
महाप्रबंधक रेलवे ने मथुरा जंक्शन के तृतीय प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया। इसके बाद प्लेटफॉर्म संख्या एक के निरीक्षण के दौरान बेहतर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओ पर जोर दिया। उन्होंने मथुरा जंक्शन स्टेशन के वीआईपी लाउंज में मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल और संबंधित अधिकारियों के साथ पुनर्विकास कार्यों से संबंधित लेआउट प्लान का अवलोकन किया। साथ ही स्टेशन के पुनर्विकास पर गहन चर्चा की।
स्टेशन के समुचित विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए महाप्रबंधक रेलवे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने द्वितीय प्रवेश द्वार का निरीक्षण करयात्री सुविधाओं को उन्नत बनाने के लिए विस्तृत योजना पर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को रेलवे सेवाओं को और अधिक कुशल व प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।
महाप्रबंधक जोशी ने स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि मथुरा जंक्शन स्टेशन का पुनर्विकास कार्य होना है। इसमें स्टेशन पर नव-निर्मित फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म और स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। महाप्रबंधक रेलवे ने मथुरा जंक्शन पर कार्यरत कुलियों के साथ भेंटवार्ता कर विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और उनके सुझावों को सुना। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक के साथ मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल, मंडल के शाखा अधिकारी, निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।