आगरा में पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत, बाइक से सगाई में शामिल होने जा रहे थे दोनों, हादसे से परिजनों में मचा कोहराम
न्यू दक्षिणी बाइपास में दोपहर को हादसा, पिता ने बेटी को हिफाजत के लिए गमछे से बांध रखा था
आगरा। न्यू दक्षिणी बाइपास पर रविवार दोपहर को दर्दनाक हादसे में पिता और उसकी तीन वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। हादसे को देख मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव सोनोटी निवासी 28 वर्षीय सतपाल बघेल पुत्र साहब सिंह, रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी तीन वर्षीय मासूम पुत्री कनक को बाइक पर बैठाकर ससुराल गांव कबूलपुर मलपुरा जा रहा था। मासूम कनक को अपने सामने बाइक पर बैठाया हुआ था और सुरक्षा के लिए गमछे से बांध रखा था। जैसे ही वे गांव मुड़हेरा के समीप न्यू दक्षिणी बाइपास पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में लेकर रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर दोनों की मौत हो गई।
हादसा देख राहगीरों की भीड जमा हो गई। आस-पास के गांवों के लोग भी आ गए। लोगों ने दोनों को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की सूचना पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वे रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि पिता-पुत्री सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कबूलपुर गांव के रहने वाले केशव सिंह ने बताया कि उनके दामाद सतपाल और धेवती कनक दोनों गांव कबूलपुर हमारे भतीजे सुखबीर की लगुन-सगाई में शामिल होने के लिए आ रहे थे। घर में शादी का माहौल मातम में बदल गया। सतपाल की पत्नी मीना अपने नौ माह के पुत्र को लेकर चार दिन पहले ही मायके आ चुकी थीं, सतपाल अपनी पुत्री कनक को लेकर उसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके।
