स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद यूपी की सभी सीटों पर उतारेंगे गौरक्षक उम्मीदवार!
तीन मई से गोरखपुर से शुरू करेंगे गौरक्षा यात्रा, लखनऊ में 24 जुलाई को होगा समापन
गौरक्षा संकल्प वाले दल का करेंगे सपोर्ट, नही तो गौरक्षक निर्दलीय ठोकेंगे चुनावी मैदान में ताल
मेरठ। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने ऐलान किया है कि तीन मई से गोरखपुर की धरती से गौरक्षा यात्रा निकाली जाएगी जो 24 जुलाई को लखनऊ में समाप्त होगी। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहाकि गौमाता की रक्षा के लिए ये महाभियान होगा। उन्होंने कहाकि यदि कोई राजनीतिक दल उनके पास गौरक्षा का संकल्प लेकर आता है तो वो उसका सपोर्ट करेंगे। नहीं तो आगामी विधानसभा चुनाव में गौरक्षक निर्दलीय चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगे।
क्या कोई राजनीतिक पार्टी भी बनाई जाएगी के सवाल पर उन्होंने कहाकि पार्टी नहीं, लेकिन गौरक्षक चुनाव जरूर लड़ेंगे। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि यूपी की सभी विधानसभा सीटों में ये यात्रा जाएगी।. गौरक्षा यात्रा सभी 403 विधानसभा सीटों में जाएगी और मतदाताओं को गौरक्षा के लिए जागरुक करेगी। गौमाता की रक्षा के लिए वोट करो ये मतदाता को बताया जाएगा। चुनाव में यूपी विधानसभा की सभी सीटों पर गौरक्षक चुनाव लड़ेंगे, जो राजनीतिक दल उनके पास गौरक्षा का संकल्प लेकर आएंगे वह उनका सपोर्ट करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गौरक्षा को लेकर दिए गए बयान पर स्वामी अवि मुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहाकि वो पश्चिम बंगाल में कहते हैं कि गौमाता कटने नहीं देंगे, हिंदू बटने नहीं देंगे, लेकिन पश्चिम बंगाल में गाय 15 प्रतिशत बढ़ी है, यूपी में पांच प्रतिशत घटी है। मुख्यमंत्री को ये बताना चाहिए कि यूपी में गाय की संख्या घट क्यों रही है। देश की पशु गणना का आंकड़ा बताते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल वाले बदनाम हैं। जबकि वहां गाय 15 प्रतिशत बढ़ी है। यूपी में गाय की संख्या पांच प्रतिशत घटी है, शर्म आनी चाहिए। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहाकि कुछ भी बोल दीजिए, बोलने में क्या जाता है। गोरखपुर में दिए गए सीएम के बयान पर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहाकि सुअर का गाय से क्या लेना देना। हम हिंदुओं की यही विडंबना है कि हम अपना वोट जिसको देते हैं वो सत्ता में आने के बाद हम पर ही सारी ताकत दिखाता है।
